कोरबा में भीषण सड़क हादसा: ढाबे के पास खड़ी बस को तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो यात्रियों की मौत, चार गंभीर
जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरपाली स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आ रहे गेहूं से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कुनकुरी से रायपुर की ओर जा रही थी। तड़के करीब 3 बजे यात्रियों के बाथरूम जाने के लिए चालक ने बरपाली के अनूप ढाबा के पास बस को सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर बस को जोरदार ठोकर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहां बैठे दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, चार अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कटघोरा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

