एसईसीएल गेवरा प्रबंधन के साथ बैठक में बनी सहमति, 3 नवंबर का प्रस्तावित आंदोलन स्थगित
मजदूरों के वेतन, भर्ती में पारदर्शिता और स्थानीय भू-प्रभावितों के रोजगार के मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा
गेवरा कोरबा/ देव माइनिंग कंपनी में कार्यरत मजदूरों एवं ड्राइवरों की समस्याओं, वेतन भुगतान में देरी, भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं तथा स्थानीय भू-प्रभावित एवं भू-विस्थापित परिवारों के पात्र युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना द्वारा उठाई गई आवाज का असर देखने को मिला है।
आज एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के माइनिंग जीएम के साथ संगठन की बैठक हुई, जिसमें विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रबंधन और संगठन के बीच सहमति बनी। इसी सकारात्मक पहल को देखते हुए संगठन ने 3 नवंबर को प्रस्तावित एसईसीएल गेवरा मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव एवं आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य आंदोलन करना नहीं, बल्कि मजदूरों, ड्राइवरों और स्थानीय प्रभावित परिवारों को उनका हक और न्याय दिलाना है। बैठक में बनी सहमति के आधार पर संगठन ने फिलहाल आंदोलन स्थगित किया है। साथ ही स्पष्ट किया कि सहमति के अनुरूप मांगों पर अमल होना जरूरी है। यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो संगठन आगे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने कहा कि मजदूरों का सम्मान, समय पर वेतन और स्थानीय भू-प्रभावित परिवारों के पात्र युवाओं को रोजगार दिलाना संगठन की प्राथमिकता है।

