- दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा, एक की मौत ; 7 घंटे तक चक्काजाम
गांधीनगर में खड़े ट्रक से टकराई बाइक, SECL प्रबंधन के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश; रात 1 बजे वार्ता के बाद खत्म हुआ आंदोलन
दीपका/कोरबा। दीपका-पाली मुख्य मार्ग के गांधीनगर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। वहीं एक का इलाज जारी है हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने करीब 7 घंटे तक चक्काजाम कर दिया। सड़क चौड़ीकरण, लगातार पानी का छिड़काव और पर्याप्त बिजली व्यवस्था की मांग को लेकर ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। प्रबंधन के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई वार्ता के बाद रात करीब 1 बजे चक्काजाम समाप्त हुआ।
अंधेरे में खड़े ट्रक से टकराई बाइक, एक युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, दीपका की ओर से तेज गति से जा रहे दो युवक गांधीनगर के पास सड़क किनारे अंधेरे में खड़े ट्रक के पीछे जा टकराए। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने उपचार जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल ट्रक यशवंत सिंह का था, जो सुनील स्पंज के लिए कोयला परिवहन कर रहा था। ट्रांसपोर्टिंग का कार्य भवानी ट्रांसपोर्ट द्वारा किया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक गांधीनगर के समीप बने सीलिंग प्वाइंट पर सील लगाने के लिए खड़ा था।
व्यस्त मार्ग पर ट्रकों की कतार, जाम से ग्रामीण परेशान
दीपका-पाली मुख्य मार्ग अत्यंत व्यस्त सड़क है। गांधीनगर क्षेत्र में कोयला परिवहन करने वाले ट्रकों में सील लगाने की प्रक्रिया के दौरान सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की कतार लग जाती है। इससे यातायात बाधित होता है और अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद SECL प्रबंधन और पुलिस प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सड़क पर खड़े ट्रकों, अंधेरे और यातायात अव्यवस्था के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
सात घंटे तक चक्काजाम, प्रबंधन से हुई वार्ता
ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण, नियमित पानी के छिड़काव और पर्याप्त बिजली व्यवस्था की मांग को लेकर चक्काजाम शुरू कर दिया। आंदोलन के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
करीब सात घंटे तक चले चक्काजाम के दौरान SECL प्रबंधन के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ वार्ता की गई। इसके बाद रात करीब 1 बजे आंदोलन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।
गांधीनगर में हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर कोयला परिवहन व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर व्यस्त मार्ग पर ट्रकों को सड़क किनारे खड़ा करने की व्यवस्था क्यों जारी है? सीलिंग प्वाइंट पर यातायात प्रबंधन और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित क्यों नहीं की जा रही है? लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है?
फिलहाल, हादसे में युवक की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। अब देखना होगा कि SECL प्रबंधन और संबंधित प्रशासन इस समस्या के स्थायी समाधा
न के लिए क्या कदम उठाते हैं।

