त्योहारों में बाजार गुलजार, सड़कों पर दुकानदारों का कब्जा… ऊपर से भारी ट्रेलरों की एंट्री! दीपका पुलिस की कार्रवाई ?
त्योहारों का मौसम है, बाजारों में खरीदारों की भीड़ है, दुकानदारों ने सड़क तक अपनी दुकानें सजा रखी हैं और आम राहगीरों को पहले से ही आवागमन में परेशानी हो रही है। ऐसे में दीपका शहर के मुख्य मार्ग पर भारी-भरकम ट्रेलर की एंट्री ने यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।
बीती शाम शहर के मुख्य मार्ग पर एक भारी-भरकम ट्रेलर पहुंचा तो कुछ ही देर में जाम की स्थिति निर्मित हो गई। राहगीरों ने ट्रेलर को रोकते हुए शहर के बीचों-बीच भारी वाहन के प्रवेश पर आपत्ति जताई और दुर्घटना की आशंका जाहिर की। इसके बाद दीपका पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दीपका पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और ट्रेलर को थाने ले गई। पुलिस ने वाहन पर **2500 रुपये का चालान** काटा और चालक को दोबारा इस मार्ग पर भारी वाहन नहीं लाने की समझाइश दी।
लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शहर के व्यस्ततम मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने की जिम्मेदारी सिर्फ राहगीरों की है? क्या पुलिस की कार्रवाई का मतलब केवल वाहन को थाने ले जाना, 2500 रुपये का चालान काटना और समझाइश देकर छोड़ देना है?
2500 का चालान, लेकिन भारी वाहनों की एंट्री पर लगाम कब?
त्योहारों के दौरान जब बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है, तब यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। दुकानदारों द्वारा सड़क तक दुकानें फैलाने से रास्ते पहले ही संकरे हो चुके हैं। ऐसे में भारी ट्रेलरों की आवाजाही किसी बड़े हादसे को न्योता देने से कम नहीं है।
हैरानी की बात यह है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। दीपका शहर के बीचों-बीच भारी वाहनों के पहुंचने और यातायात बाधित होने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। इसके बावजूद सवाल जस का तस है कि आखिर भारी वाहन शहर के मुख्य मार्ग तक पहुंच कैसे जाते हैं?
दीपका पुलिस की त्वरित पेट्रोलिंग कार्रवाई अपनी जगह है, लेकिन केवल मौके पर पहुंचकर वाहन को थाने ले जाना और चालान काटना स्थायी समाधान नहीं हो सकता।फिलहाल शहरवासियों को जवाब और सुरक्षित यातायात व्यवस्था का इंतजार है।

