कुसमुंडा SECL ऊर्जा क्लब में विजिलेंस सेमिनार आयोजित: जीएम सचिन तानाजी पाटिल ने ठेकेदारों की सुनी समस्याएं, जल्द निराकरण का दिया भरोसा
कुसमुंडा (कोरबा)।
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की प्रतिष्ठित कुसमुंडा परियोजना स्थित ऊर्जा क्लब में विजिलेंस सेमिनार के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कुसमुंडा क्षेत्र में उत्पादन, उत्खनन और विकास कार्यों से जुड़े समस्त अनुबंधित ठेकेदारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कोयला उत्पादन और खदान परिचालन के दौरान ठेका कंपनियों को आ रही जमीनी समस्याओं को समझना तथा उनके त्वरित समाधान की रूपरेखा तैयार करना था। बैठक की अध्यक्षता कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) सचिन तानाजी पाटिल ने की।
ठेकेदारों ने उठाईं भुगतान और GeM पोर्टल से जुड़ी समस्याएं
सेमिनार के दौरान खुली चर्चा का सत्र आयोजित किया गया, जिसमें ठेकेदारों ने कार्य के निष्पादन में आ रही व्यावहारिक बाधाओं से प्रबंधन को अवगत कराया। ठेकेदारों ने मुख्य रूप से एलपीसी (LPC), बिलों के समय पर भुगतान और सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM Portal) से संबंधित तकनीकी जटिलताओं को प्रमुखता से रखा। इसके अलावा खदान क्षेत्र में दैनिक परिचालन के दौरान सामने आने वाली अन्य दिक्कतों पर भी विस्तार से बात की गई।
समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद महाप्रबंधक सचिन तानाजी पाटिल एवं उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी ठेकेदारों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का परीक्षण कर जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति और पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए ठेकेदारों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है।

