कोरबा में चरमराती कानून-व्यवस्था पर गरमाई सियासत: रजगामार में मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत के खिलाफ जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का हल्लाबोल, एएसपी को सौंपा ज्ञापन
कोरबा जिले में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बेलगाम होते अपराध और नशे के बढ़ते प्रसार को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) ने शासन-प्रशासन के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। रजगामार क्षेत्र में मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत और जिले में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम एडिशनल एसपी नितेश सिंह ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की माँग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने 19 अक्टूबर से लापता 6–7 वर्षीय मासूम बालिका का शव 22 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। पार्टी ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस समय रहते बच्ची को तलाशने में नाकाम रही। उन्होंने निष्पक्ष जाँच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई सामने लाने की माँग की। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि मामले में अनाचार और हत्या की पुष्टि होती है, तो प्रकरण को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषियों को अविलंब फाँसी के फंदे पर लटकाया जाए
प्रेस वार्ता व ज्ञापन के दौरान जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे ने पूरी प्रशासनिक व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक व आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि आम नागरिक, विशेषकर बहन-बेटियाँ, खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
वहीं, जिला सचिव महावीर यादव ने वर्तमान पुलिस विफलता के साथ-साथ पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा और जगह-जगह शराब की नई भट्टियाँ खोलना ही अपराधों की मूल वजह है। चोरी, डकैती, चाकूबाजी और अनाचार जैसी घटनाएँ अनियंत्रित शराब प्रसार व अशिक्षा का ही परिणाम हैं।
प्रदेश संगठन मंत्री सुरेंद्र प्रसाद (सोनू) राठौर ने प्रदेश सरकार की नाकामियों को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार अपराधों पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। महिला विंग की अध्यक्ष चंचल महंत ने भी सरकार की आबकारी नीति और महिला सुरक्षा में नाकामी पर तीखा विरोध दर्ज कराया।
दशहरा पर्व के दौरान मामूली विवाद में राहुल उर्फ गोल्डन की सरेआम चाकू मारकर की गई हत्या का हवाला देते हुए कहा कि जिले में पुलिस गश्त और खुफिया तंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। पूरे जिले में अवैध नशे का कारोबार और असामाजिक तत्वों का दबदबा बढ़ता जा रहा है।
इस दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के महासचिव बादल दुबे, जिला संगठन मंत्री सुरेश पटेल, जिला मंत्री देव हंस, जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी, शहर अध्यक्ष हरि चौहान, जेसीपी सदस्य कला महंत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना कोरबा के जिलाध्यक्ष सुरजीत सोनी के नेतृत्व में पूरी टीम ने इस आंदोलन को समर्थन दिय

