प्रदर्शन का तमाशा, ‘टशन’ वाली कुर्सी और हवा में उड़ता ‘नेता प्रतिपक्ष’ का पद
विशेष व्यंग्य रिपोर्ट: दीपका
दीपका नगर पालिका के गलियारे इन दिनों लोकतंत्र के ऐसे अनूठे ‘थिएटर’ में तब्दील हो चुके हैं, जहां ड्रामा भरपूर है और स्क्रिप्ट गायब। प्रदर्शनहुआ, नारे लगे, और आरोप-प्रत्यारोप के पटाखे भी फूटे। मगर जनता का ध्यान बुनियादी समस्याओं से ज्यादा उस रहस्यमयी सवाल पर अटका है जिसने चौक-चौराहों की चाय की चुस्कियों को मसालेदार बना दिया है। पट्टा दिलाने के नाम पर भीड़।

चश्मदीदों की मानें तो प्रदर्शन के बीच असली खेल ‘कुर्सी और टशन’ का था। साहब अपनी रिवाल्विंग चेयर पर ऐसे विराजमान रहे, मानो गुरुत्वाकर्षण का सारा नियम उसी एक कुर्सी पर लागू हो रहा हो। बाहर हंगामा था, अंदर सियासी पारा गरम, मगर महोदय अपनी ठसक में ऐसे जमे रहे कि टस से मस होने का नाम नहीं लिया। नेताओं के तेवर के आगे साहब की देहबोली कह रही थी—“हल्ला मचाना आपका काम, आराम से बैठना हमारा प्रोटोकॉल।”
“ऐसा कोई पद ही नहीं होता…” और सिफर हो गई सियासत
विवाद का चरमोत्कर्ष तब आया जब ‘नेता प्रतिपक्ष’ की गरिमा को लेकर बहस छिड़ गई। संवैधानिक हैसियत का वजन तौल ही रहे थे कि साहब ने एक ही झटके में पूरी हवा निकाल दी। अधिकारी महोदय ने दो टूक फरमा दिया- ऐसा कोई पद होता ही नहीं है!”
इस एक वाक्य ने मानों पैरों तले की सियासी जमीन ही खींच ली। अब शहर में यह यक्ष प्रश्न तैर रहा है कि अगर ऐसा कोई पद सरकारी फाइलों में दर्ज ही नहीं है, तो अब तक ‘नेता प्रतिपक्ष’ का भारी-भरकम तमगा लगाकर घूमने वाले माननीय लोग क्या सिर्फ हवा में ही तीर चला रहे थे? क्या लेटरहेड पर छपे वे बड़े-बड़े अक्षर और गाड़ी के आगे लगे बोर्ड केवल आत्ममुग्धता का शिकार थे?
प्रदर्शन तो जैसे-तैसे निपट गया, लेकिन दीपका की जनता को मनोरंजन की पूरी खुराक मिल गई। अब मोहल्लों में तलाश जारी है—उस अदृश्य पद की, जिसे साहब ने एक झटके में खारिज कर दिया।


