बिलासपुर: दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 3 आदतन चोर गिरफ्तार; क्रेटा, बुलेट और 6 लाख के जेवरात जब्त

जिले के ग्रामीण इलाकों में दिन के समय सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर अंतरजिला गिरोह को पकड़ने में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू (ACCU) और कोटा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आदतन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 लाख रुपये कीमत की क्रेटा कार, बुलेट, होंडा शाइन बाइक, करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 1.31 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई है।
दोपहर में करते थे रेकी, फिर वारदात को देते थे अंजाम
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही लगातार चोरियों के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी दोपहर के समय एक ही बाइक पर सवार होकर निकलते थे। जब ग्रामीण खेती-किसानी या अन्य काम से बाहर जाते, तब सूने घरों को चिन्हित कर अलमारी व पेटी का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी पार कर देते थे।
चोरी के पैसों से खरीदी क्रेटा कार और बुलेट
पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर जिले के कोटा, रतनपुर, बिल्हा, पचपेड़ी, बेलगहना चौकी क्षेत्र के 9 मामलों सहित कोरबा जिले के पाली थाने में दर्ज 1 मामले (कुल 10 प्रकरण) में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदकर उसकी किस्तें भरीं, वहीं आरोपी राज प्रजापति ने चोरी के पैसे से अपने चाचा के नाम पर बुलेट खरीदी थी। पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति मानकर इन वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
* विनोद कुमार वासुदेव (33 वर्ष)
* भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ ‘गुरुजी’ (43 वर्ष)
* राज प्रजापति उर्फ ‘लल्लू’ (19 वर्ष)
(तीनों निवासी: डिपरपारा, मानिकपुर, चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली, जिला कोरबा)
जब्त संपत्ति का विवरण:
* वाहन: सफेद रंग की क्रेटा कार (कीमत लगभग 10 लाख रुपये), बुलेट मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये), होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1 लाख रुपये)।
* जेवरात: 10 जोड़ी चांदी की पायल, सोने का मंगलसूत्र, 5 सोने के लॉकेट, सोने के दाने, चांदी की अंगूठियां, टॉप्स, फुल्ली, बिछिया व करधन सहित कुल सोने-चांदी के आभूषण (अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये)।
* नकदी: 1,30,000 रुपये नकद और गुल्लक के चिल्हर 1,250 रुपये।
पहले भी दर्ज हैं 19 मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी जांजगीर जिले में दिन में चोरी के 19 मामले दर्ज हैं, जिनमें वे वर्ष 2022-23 में जेल भी जा चुके हैं। पुलिस अब आरोपियों की अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोटा निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी, उप निरीक्षक दिलीप साहू, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे सहित एसीसीयू और कोटा थाने की टीम की मुख्य भूमिका रही।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
बिलासपुर: दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 3 आदतन चोर गिरफ्तार; क्रेटा, बुलेट और 6 लाख के जेवरात जब्त
Shaji Thomas
Committed to delivering accurate, timely, and reliable news with responsible journalism. At Urja Bhoomi News, we strive to keep our readers informed with news that matters.

