दीपका रोड पर किन्नरों और युवकों के बीच खूनी संघर्ष: ‘नकली किन्नर’ कहने पर विवाद, चाकूबाजी; दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
दीपका:
दीपका मुख्य मार्ग पर किन्नर समूह और दो स्थानीय युवकों के बीच जमकर मारपीट और खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद हरकत में आई दीपका पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
‘नकली किन्नर’ बोलने पर भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक टिप्पणी से हुई। बताया जा रहा है कि स्थानीय युवक द्वारा कथित तौर पर ‘नकली किन्नर’ कहे जाने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते तीखी बहस ने हिंसक रूप ले लिया और सड़क पर ही दोनों गुट आपस में भिड़ गए।
चाकूबाजी में पंकज नामक युवक घायल
मारपीट के दौरान किन्नर समूह में शामिल लोगों ने दीपका निवासी पंकज पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पंकज घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सड़क पर सरेआम हुई इस हिंसक झड़प से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
घटना के दौरान वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दीपका पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच में शामिल किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में दीपका के दोनों युवकों सहित वीडियो में मारपीट करते नजर आ रहे किन्नर समूह के सभी संबंधित लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की तफ्तीश में जुटी है।

