विजयनगर स्कूल के बच्चों ने जाना कौशल विकास का हुनर; स्वच्छता, नशामुक्ति और अंधविश्वास उन्मूलन पर निकाली भव्य रैल
खुशरुडीह/विजयनगर:
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के अंतर्गत विद्यार्थियों के 360-डिग्री समग्र विकास और व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय माध्यमिक शाला विजयनगर के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण व जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से परे व्यावहारिक अनुभव देने के लिए खुशरुडीह और धनुहार पारा ले जाकर लौह कामगारों की कार्यशैली और डिस्पोजल दोना-पत्तल निर्माण मशीन की प्रत्यक्ष कार्यप्रणाली का अवलोकन कराया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लौह शिल्प और मां समलाई दोना-पत्तल निर्माण इकाई के संचालन को करीब से समझा। बच्चों ने निर्माण प्रक्रिया, उपयोग में आने वाली सामग्री और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं पर कारीगरों व संचालकों से सीधे संवाद कर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
इस अवसर पर हाई स्कूल विजयनगर के इको एवं यूथ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने पूरे गांव में जन-जागरूकता रैली निकाली। गगनभेदी नारों और प्रेरक नारों के जरिए ग्रामीणों को नशामुक्ति और अंधविश्वास उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया। रैली केवल नारों तक सीमित नहीं रही; विद्यार्थियों और शिक्षकों ने रास्ते में पड़ने वाली मुख्य सड़कों, तालाब के घाटों, मंदिर प्रांगण और चौक-चौराहों की व्यापक साफ-सफाई की। स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े गीतों और स्लोगनों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
स्कूल के इस अनूठे व सराहनीय प्रयास का ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष धजाराम चौहान, पंचायत रोजगार सहायक बीर सिंह, गणेश राम सहित मां समलाई दोना-पत्तल इकाई की श्रीमती चंद्रमा और शीतकुंवर के परिवारजनों ने दो अलग-अलग स्थानों पर सभी 150 छात्र-छात्राओं के लिए जलपान (चाय, बिस्कुट, मिक्सचर और शीतल जल) की व्यवस्था की। ग्रामीणों ने शिक्षकों व विद्यार्थियों के इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्ध
न किया।

