कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम का गेवरा दौरा, कुसमुंडा खदान में हादसों पर जताई चिंता
खदान का निरीक्षण कर अधिकारियों को लगाई फटकार, श्रमिक संगठनों को दौरे से दूर रखे जाने पर उठे सवाल
कोरबा। कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने गेवरा क्षेत्र का दौरा कर खदान की गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जाहिर की और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चेयरमैन की नाराजगी ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
दौरे के दौरान चेयरमैन ने खदान की स्थिति का जायजा लिया। कुसमुंडा खदान में लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने और खदान संचालन में आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया।
श्रमिक संगठनों को दूर रखने पर सवाल
इस दौरे का एक अहम पहलू यह भी रहा कि श्रमिक संगठनों को चेयरमैन के कार्यक्रम से दूर रखा गया। कोयला खदानों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा, कार्यस्थल की समस्याएं और लंबित मांगें ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर श्रमिक संगठन लगातार अपनी आवाज उठाते रहे हैं। ऐसे में शीर्ष स्तर के अधिकारी के दौरे के दौरान श्रमिक प्रतिनिधियों की भागीदारी नहीं होने से प्रबंधन की मंशा और संवाद व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सुरक्षा पर सख्ती, लेकिन श्रमिकों की आवाज कहां?
कुसमुंडा खदान में लगातार हो रही दुर्घटनाएं निश्चित रूप से चिंता का विषय हैं। चेयरमैन की नाराजगी के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रबंधन क्या ठोस कदम उठाता है। साथ ही, श्रमिक संगठनों को दौरे से दूर रखे जाने के मामले में प्रबंधन की ओर से क्या स्पष्टीकरण सामने आता है, इस पर भी निगाहें रहेंगी।

