दीपका में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका के सामने आंदोलन
दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका की विभिन्न समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दीपका एवं समस्त पार्षदगण द्वारा आज 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे नगर पालिका परिषद दीपका कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। आंदोलन को लेकर कांग्रेस की ओर से नगर की 12 सूत्रीय जनहित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है।
कांग्रेस द्वारा लगाए गए बैनर में सड़क एवं नाली व्यवस्था, साफ-सफाई एवं कचरा उठाव, आबादी पट्टा एवं आवास, स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत व्यवस्था, गौरव पथ पुनर्निर्माण और नियमित पेयजल आपूर्ति जैसी मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा निर्माण कार्यों के भुगतान की जांच, अधूरे कार्य एवं ठेकेदारों की जवाबदेही, राशन कार्ड एवं नागरिक सेवाएं, अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति, विकास कार्यों में पारदर्शिता तथा वार्डवार सर्वे एवं समयबद्ध निराकरण की मांग भी रखी गई है।
कांग्रेस ने अपने बैनर के माध्यम से नगर की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई और समयबद्ध स्थायी निराकरण सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाते हुए संबंधित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से इन 12 सूत्रीय मांगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

