सिरकी मोड़ बतारी चौक पर जल्द लगे ‘हाई मास्ट लाइट’, हादसों और जाम से निजात दिलाने पार्षद अरुणीश तिवारी ने SECL से की मांग
कोरबा/दीपका: नगर पालिका परिषद दीपका अंतर्गत पाली रोड स्थित व्यस्त सिरकी मोड़ (बतारी चौक) पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से आए दिन दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति बन रही है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए नगर पालिका परिषद दीपका के पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ने एसईसीएल (SECL) दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) को पत्र सौंपकर चौक पर तत्काल ‘हाई मास्ट लाइट’ लगाने की मांग की है।
अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा, आवागमन में भारी परेशानी
पार्षद अरुणीश तिवारी ने जनहित के इस मुद्दे को उठाते हुए प्रबंधन को अवगत कराया कि सिरकी चौक मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों, दोपहिया व चारपहिया चालकों के साथ-साथ कोयला खदानों में लगे भारी वाहनों और ट्रेलरों का निरंतर आना-जाना बना रहता है।
शाम ढलते ही मार्ग पर अंधेरा छा जाने के कारण दृश्यता बेहद कम हो जाती है। इसके चलते जहां एक ओर गंभीर सड़क हादसों का खतरा बना रहता है, वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों की अनियंत्रित गति और अंधेरे के चलते भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जाम और अव्यवस्था के कारण राहगीरों, स्थानीय निवासियों और खदान कर्मियों को भारी शारीरिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पार्षद ने एसईसीएल प्रबंधन से मांग की है कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सिरकी चौक पर सीएसआर (CSR) अथवा अन्य उपयुक्त मद से अविलंब हाई मास्ट लाइट की स्थापना कराई जाए, जिससे चौराहे पर पर्याप्त रोशनी हो सके और लोगों को आवागमन में सुगमता व सुरक्षा मिल सके।

