हरदीबाजार के अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र में महिला की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोपजांच रिपोर्ट सामान्य होने का परिजनों का दावा, मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश; मुआवजा और जांच की मांग
हरदीबाजार/कोरबा। हरदीबाजार स्थित अस्थाई शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान 60 वर्षीय महिला की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है। मृतका की पहचान ग्राम पंचायत रेकी निवासी भगा बाई, पति गौठिया पटेल के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे भगा बाई गांव के तालाब से स्नान कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनके शरीर में अचानक तेज दर्द और पीड़ा होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल हरदीबाजार स्थित अस्थाई सरकारी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर ने ब्लड प्रेशर सहित अन्य जांच कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने बाहर से जांच कराई। उनका दावा है कि जांच रिपोर्ट सामान्य आई थी और जांच कराने के बाद महिला स्वयं पैदल चलकर स्वास्थ्य केंद्र के भीतर पहुंची थीं। इसके बाद उनका उपचार शुरू किया गया, लेकिन कुछ घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पहुंच गए। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और उपचार प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि हरदीबाजार के मूल स्वास्थ्य केंद्र भवन के ध्वस्तीकरण के बाद अस्पताल को अस्थाई रूप से पुराने तहसील भवन में संचालित किया जा रहा है। उस समय प्रशासन की ओर से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान व्यवस्था में आवश्यक सुविधाओं और दवाओं की कमी है तथा सामान्य जांचों के लिए भी मरीजों को बाहर जाना पड़ता है।
हालांकि, महिला की मौत का वास्तविक कारण क्या था और उपचार में किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद बीएमओ और स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर के प्रति ग्रामीणों और परिजनों में नाराजगी देखी गई। स्थिति को संभालने पहुंचे तहसीलदार ने दोनों पक्षों से चर्चा की और शव का पोस्टमार्टम कराने का सुझाव दिया। बताया गया कि परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए पहले मुआवजा और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग रखी।
महिला के शव को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। स्थिति को देखते हुए दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नरेश टंडन, अनिल टंडन, हरदीबाजार सरपंच लोकेश्वर कंवर, अनुसुईया राठौर, मनमोहन खांडे, श्याम रात्रे, कृष्णा पटेल, रमेश अहीर, इंद्र भूषण ओढे सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
अब पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि महिला की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और क्या उपचार के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही हुई? इसका जवाब निष्पक्ष जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।

