दीपका खदान में डीजल चोरी का खुलासा, 200 लीटर डीजल जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार 
कोरबा। एसईसीएल दीपका खदान क्षेत्र में डीजल चोरी के मामले में दीपका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 200 लीटर डीजल और डीजल चोरी में प्रयुक्त कैंपर वाहन जब्त किया है। जब्त डीजल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2 बजे सीआईएसएफ महिला निरीक्षक गायत्री कुमारी द्वारा सूचना दी गई कि एसईसीएल दीपका खदान क्षेत्र में कैंपर क्रमांक CG 04 OD 1798 के डाला में एक ड्रम में डीजल चोरी कर रखा गया है। यह कैंपर डोजर सेक्शन में खड़ा था।
सूचना मिलने पर सीआईएसएफ स्टाफ मौके पर पहुंचा और वाहन की जांच की। पुलिस के मुताबिक, कैंपर में चार लोग मौजूद थे, जिनमें से दो मौके से फरार हो गए। मौके पर बुधमान बिंझवार और नवधा पटेल को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि कंपनी के इंजीनियर नवीन साहू और चुणामणी कश्यप वेल्डर के साथ मिलकर एसईसीएल दीपका खदान के एलके-1 क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक 905 की मरम्मत करने के बहाने उसके डीजल टैंक से पाइप के जरिए डीजल निकाला गया। इसके बाद डीजल को टीन के ड्रम में भरकर डोजर सेक्शन में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कैंपर वाहन और ड्रम में भरा 200 लीटर डीजल जब्त कर लिया है। मामले में थाना दीपका में अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में बुधमान बिंझवार (32 वर्ष), निवासी दादरपारा, कुचैना थाना कुसमुंडा तथा नवधा पटेल (28 वर्ष), निवासी चेतमा, थाना पाली शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में फरार बताए जा रहे नवीन साहू और चुणामणी कश्यप की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले में डीजल चोरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

