- कोयलांचल वासियों को सिटी बस की दरकार: पार्षद अरुणीश तिवारी ने कलेक्टर से की 4 प्रमुख मार्गों पर बस चलाने की मांग

कोरबा/दीपका: भारत की सबसे बड़ी कोयला खदानों (गेवरा और दीपका परियोजनाओं) के मध्य बसे नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र के लोगों के लिए सुलभ सार्वजनिक परिवहन लंबे समय से एक बड़ी समस्या बनी हुई है। क्षेत्र की जनता को इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी (PIC) मेंबर अरुणीश तिवारी ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर दीपका से विभिन्न मार्गों पर तत्काल सिटी बस सेवा शुरू करने की पुरजोर मांग की है।
पार्षद अरुणीश तिवारी ने कलेक्टर को सौंपे गए अपने मांग पत्र में इस बात पर जोर दिया है कि दीपका एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सघन आबादी वाला क्षेत्र है। यहाँ से प्रतिदिन हजारों की संख्या में आम नागरिक, खदान श्रमिक और विद्यार्थी अपने कार्यों व पढ़ाई के लिए अलग-अलग शहरों की ओर आवागमन करते हैं। लेकिन सुरक्षित और सस्ते यातायात साधनों (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) के अभाव में क्षेत्र की जनता को भारी आर्थिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद ने जनहित और नागरिकों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए कलेक्टर से निम्नलिखित चार प्रमुख मार्गों पर नियमित सिटी बस (यात्री बस) का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया है:दीपका से बलौदा, दीपका से कटघोरा दीपका से कोरबादीपका से पाली,अपने पत्र में पार्षद अरुणीश तिवारी ने प्रशासन की उदासीनता पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों की इस परेशानी को देखते हुए उनके द्वारा पूर्व में भी पत्राचार के माध्यम से सिटी बस चलाने की मांग की गई थी, किंतु खेद का विषय है कि उस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई या निराकरण नहीं हो पाया है।
अरुणीश तिवारी ने कलेक्टर से पुनः निवेदन किया है कि क्षेत्र की जनता को सार्वजनिक परिवहन की यह मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मांग की है कि इस महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्य के लिए संबंधित परिवहन अधिकारी और विभाग को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि दीपका और आसपास के लोगों का सफर सुगम हो सके।

