- दीपका खदान में वोल्वो वाहन में भीषण आगजनी, छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने एसईसीएल कार्यालय में जोरदार नारेबाजी कर सौंपा ज्ञापन
सुरक्षा व अग्निशमन व्यवस्था में घोर लापरवाही का आरोप, जिम्मेदार अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में खदान प्रबंधन और सुरक्षा विभाग पर आपराधिक लापरवाही का सीधा आरोप लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपका ओपनकास्ट कोयला खदान में परिचालन के दौरान एक भारी वोल्वो वाहन में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि पूरा वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया। गनीमत रही कि ऑपरेटर ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, अन्यथा कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी।
अग्निशमन व्यवस्था का अभाव कार्यस्थल पर आग पर तत्काल काबू पाने हेतु न तो कार्यशील अग्निशामक यंत्र उपलब्ध थे और न ही आपातकालीन सुरक्षा दल सक्रिय दिखा।
महानिदेशालय DGMS के कड़े नियमों के बावजूद भारी खनन मशीनों में अनिवार्य ‘ऑटो फायर सेपरेशन सिस्टम’ (AFSS) पूरी तरह निष्क्रिय रहा। बिना तकनीकी जांच के ऐसे वाहनों का खदान में संचालन कामगारों की जान से खिलवाड़ है।
वाटर टैंकर में देरी घटना की तत्काल सूचना के बाद भी समय पर पानी का टैंकर नहीं पहुंचा, जिसके कारण आग बेकाबू होकर पूरे वाहन में फैल गई।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल ने कहा कि दीपका खदान में श्रमिकों और ऑपरेटरों की जान जोखिम में डालकर काम कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि दीपका खदान के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी एवं संबंधित खदान प्रबंधक के विरुद्ध खान अधिनियम के तहत उच्चस्तरीय जांच कर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए। खदान में कार्यरत समस्त निजी व विभागीय वाहनों की संपूर्ण तकनीकी और अग्निशमन सुरक्षा जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर जल्द ठोस कानूनी व विभागीय कार्रवाई नहीं की गई, तो छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना खदान का चक्का जाम करने और उग्र जनआंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जवाबदेही एसईसीएल प्रबंधन की होगी।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि उप-महानिदेशक खान सुरक्षा बिलासपुर, सीएमडी एसईसीएल, कलेक्टर कोरबा एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा को भी प्रेषित कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।


