‘जनसमस्याओं के निराकरण के लिए नगर पालिका प्रतिबद्ध, दबाव की राजनीति स्वीकार नहीं’ – अध्यक्ष
दीपका : दीपका नगर पालिका परिषद के समक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा स्थानीय समस्याओं और मांगों को लेकर किए गए प्रदर्शन पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि नगर पालिका प्रशासन जनता की समस्याओं को सुलझाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन किसी भी प्रकार की दबाव की राजनीति या हिंसक आचरण को स्वीकार नहीं किया जाएगा।अध्यक्ष ने इस बात पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया कि प्रदर्शन के दौरान शासकीय कार्यालय परिसर में धक्का-मुक्की और तोड़-फोड़ कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा, “यदि किसी जनप्रतिनिधि या संगठन को कोई समस्या है, तो वह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन के समक्ष रख सकता है। लेकिन, अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए इस तरह की स्थिति निर्मित करना किसी भी रूप में उचित नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने निजी स्वार्थ के चलते अधिकारियों पर अनैतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। नगर पालिका प्रशासन बिना किसी दबाव के, नगर के विकास और नागरिकों के हित में काम करता रहेगा।”
अध्यक्ष ने विभिन्न मुद्दों पर दी वस्तुस्थिति:
1. समय पर उपस्थित रहकर कार्य कर रहे हैं अधिकारी-कर्मचारी
अध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका के सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
2. जनसमस्याओं पर नगर पालिका लगातार सक्रिय
नगर में सड़क, नाली, साफ-सफाई, कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और निर्माण कार्य लगातार जारी हैं। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड अतिशीघ्र बनाने का कार्य भी प्रगति पर है।
3. स्ट्रीट लाइट की शिकायतों का तुरंत समाधान
नगर के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। जहां भी शिकायतें मिल रही हैं, उनका तत्काल निराकरण कराया जा रहा है।
4. गौरव पथ निर्माण से अस्थाई परेशानी, वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें
गौरव पथ पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से सड़क प्रभावित हुई है। नगर पालिका कार्यालय के सामने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष ने नागरिकों से कार्य पूर्ण होने तक इस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
5. वर्तमान शासन में शुरू हुई ‘जल आवर्धन योजना’
अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व कांग्रेस शासनकाल में इस योजना पर भारी राशि खर्च होने के बावजूद नागरिकों को इसका लाभ नहीं मिल पाया था। वर्तमान शासन ने आवश्यक ट्रांसफार्मर स्थापित कर इस योजना को शुरू किया है, जिससे अब नगरवासियों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस कार्य को बहुत पहले जनहित में शुरू हो जाना चाहिए था, उसे लेकर आज प्रदर्शन किया जा रहा है, जो कि विडंबना है।
6. ‘प्रतीक्षा बस स्टैंड’ को फिर से शुरू करने का प्रयास
लगभग 15 वर्षों से बंद पड़े प्रतीक्षा बस स्टैंड को लेकर अध्यक्ष ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में इसे शुरू करने के लिए कोई इच्छाशक्ति या पहल नहीं दिखाई गई। वर्तमान में नगर पालिका परिषद द्वारा इसे नए स्वरूप और सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ फिर से शुरू करने के गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
7. ‘आश्रय स्थल’ भी जल्द होगा शुरू
नगरवासियों और जरूरतमंदों के लिए आश्रय स्थल को पुनः शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसे जल्द ही सर्वसुविधाजनक बनाकर जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
8. विकास कार्यों के लिए लगातार मिल रही है स्वीकृति
मुख्य नगर पालिका अधिकारी के आए हुए अभी केवल 3 महीने ही हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में ही 14वें-15वें वित्त, अधोसंरचना एवं अन्य मदों के तहत नगर के विकास के लिए 14 महत्वपूर्ण कार्यों को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। इससे नगर के विकास को और गति मिलेगी। साथ ही, जर्जर आंगनबाड़ियों के पुनर्निर्माण की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विकास और जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ निरंतर जारी रखा जाएगा। नगरवासियों के हित में हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और प्रशासन जनता की सेवा के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है।

