दीपका। मुख्य मार्ग पर सड़क और नाली के बाहर तक दुकानें लगाने वाले व्यापारियों के खिलाफ दीपका नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर चालानी कार्रवाई के साथ दुकानदारों को सड़क से अतिक्रमण हटाने की समझाइश भी दी।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका ने कुल 65 हजार रुपये की चालानी राशि वसूलने की जानकारी दी है।
लेकिन सवाल यह है कि अगर अतिक्रमण इतना बड़ा मुद्दा है, तो कार्रवाई बार-बार होने के बावजूद समस्या खत्म क्यों नहीं हो रही?दीपका-कटघोरा मुख्य मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बनती है। सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान सड़क और नाली के बाहर तक फैलाने से सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम होती जा रही है। इसका सीधा असर आम लोगों और वाहन चालकों पर पड़ रहा है।खासकर त्योहारों के दौरान जब बाजार में भीड़ बढ़ती है और दुकानों का सामान सड़क तक पहुंच जाता है, तब स्थिति और ज्यादा बिगड़ जाती है।नगर पालिका की कार्रवाई पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। क्या सिर्फ चालान काटना ही स्थायी समाधान है? अगर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है, तो दोबारा अतिक्रमण कैसे हो जाता है? क्या कार्रवाई के बाद नियमित निगरानी की व्यवस्था नहीं है?
वहीं दुकानदारों से भी सवाल है—सड़क और नाली के बाहर कब्जा कर कारोबार करना आखिर कब तक जारी रहेगा? बाजार में व्यापार करने का अधिकार अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण का असर सीधे आम जनता पर पड़ता है।अब देखने वाली बात यह होगी कि आज की कार्रवाई के बाद दीपका नगर पालिका सिर्फ चालान तक सीमित रहती है या अतिक्रमण हटाने के साथ स्थायी व्यवस्था भी लागू करती है।

