इरकॉन-राइट्स और रेलवे की वादाखिलाफी से कृष्णा नगर में आक्रोश, वार्डवासियों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावन
/दीपका:गेवरा-पेंड्रा रेल लाइन से जुड़ने वाली कृष्णा नगर कोल साइडिंग पर निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी असंतोष गहरा गया है। इरकॉन, राइट्स कंपनी और रेलवे प्रबंधन पर पूर्व में तय शर्तों से मुकरने का आरोप लगाते हुए कृष्णा नगर (वार्ड क्रमांक 07) के नागरिकों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। वार्डवासियों ने साफ कहा है कि यदि मूलभूत सुविधाओं को जल्द बहाल नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पूर्व में राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में स्थानीय नागरिकों और रेलवे प्रबंधन के बीच मौखिक सहमति बनी थी कि पहले वार्ड में पक्की सड़क, नाली, मंदिर और सांस्कृतिक स्टेज का निर्माण कराया जाएगा, जिसके बाद ही रेल लाइन बिछाने का काम आगे बढ़ेगा। आरोप है कि कंपनियों ने इस समझौते को ताक पर रखकर मूलभूत जनसुविधाओं की अनदेखी शुरू कर दी और रेल लाइन बिछाने का काम तेज कर दिया।
अधूरी संपर्क सड़क: शासकीय माध्यमिक शाला से दीपका की ओर अंडरग्राउंड ब्रिज तो बना दिया गया, लेकिन स्कूल से ब्रिज तक की सड़क आधी-अधूरी छोड़ दी गई है।जल निकासी व्यवस्था ठप: बस्ती में नालियों का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है, जिससे जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है।जोखिमभरा दीपका बस्ती मार्ग: ट्रांसफार्मर के समीप स्थित दूसरे अंडरब्रिज का काम पूरा होने के बावजूद सड़क निर्माण अधूरा है, जिससे आवागमन जोखिमभरा बना हुआ है।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर रेलवे प्रबंधन व संबंधित विभागों को मांगपत्र सौंपने का निर्णय लिया गया। नागरिकों ने दो टूक चेतावनी दी कि व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने पर काम रोका जाएगा। इस दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ने या किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए सीधे तौर पर रेलवे प्रबंधन और निर्माण कंपनियां जिम्मेदार होंगी।
बैठक में मूलचंद, मो. मंसूर, ललित महिलांगे, लक्ष्मण गुप्ता, मो. सरताज कुरैशी, कन्हैया, पवन गुप्ता, प्रभाष तांती, सोहन पंडित, मो. शमीम अंसारी, राधे बरेठ, सुनील शर्मा, शंभू लोहार, मो. अशरफ, दुलार बेक, छोटेलाल, मीना थापा, गीता महंत, जगत बाई चौहान, उमा महंत, सोना गोस्वामी, सती देवी महंत, सीमा देवी शर्मा, बालमती बारिया और इफाना कुरैशी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

