दीपका नगर पालिका में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 8 अक्टूबर को धरना-घेराव की तैयारी
दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र की सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, आवास और नागरिक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर 8 अक्टूबर 2026 को धरना प्रदर्शन एवं नगर पालिका कार्यालय के घेराव की घोषणा की गई है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को संबोधित 12 सूत्रीय जनहित मांग-पत्र सौंपा गया है।
मांग-पत्र में कहा गया है कि नगर की जनता लंबे समय से विभिन्न मूलभूत समस्याओं का सामना कर रही है। संबंधित विभागों और पालिका प्रशासन का ध्यान कई बार आकृष्ट कराने के बावजूद कई समस्याओं का संतोषजनक निराकरण नहीं हो पाया है। इसी के चलते लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन की बात कही गई है।सभी वार्डों में जर्जर सड़कों और खराब नालियों का वार्डवार सर्वे कराकर आवश्यकतानुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं मरम्मत की मांग की गई है। जलभराव और गंदे पानी की समस्या के स्थायी निराकरण की भी मांग है।नियमित सफाई, नाली सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सफाई व्यवस्था की निगरानी और जिम्मेदारी तय करने की मांग।पात्र हितग्राहियों को आबादी पट्टा एवं आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की गई है।खराब एवं जर्जर स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने तथा विद्युत कार्यों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा की जांच कराने की मांग की गई है।दीपका के मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण तथा भारी वाहनों से सड़क को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था की मांग की गई है।पाइपलाइन विस्तार के बावजूद कई घरों में नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया गया है। सभी वार्डों में आवश्यक कनेक्शन और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग है।जिन कार्यों का निर्माण पूरा नहीं हुआ या जिनकी गुणवत्ता संदिग्ध है, उनके भुगतान की जांच और गुणवत्ता सत्यापन के बाद ही शेष भुगतान करने की मांग की गई है।अधूरे और लंबित निर्माण कार्यों की वार्डवार सूची तैयार कर समयसीमा तय करने तथा काम पूरा किए बिना भुगतान संबंधी शिकायतों की जांच कर जिम्मेदारी निर्धारित करने की मांग।जरूरतमंद नागरिकों के राशन कार्ड समय पर बनाने, तकनीकी या पोर्टल संबंधी समस्या के नाम पर आवेदन वापस नहीं करने तथा लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण की मांग।नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निर्धारित कार्यालय समय में उपस्थिति सुनिश्चित करने और नागरिकों की शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने की मांग।स्वीकृत विकास कार्यों की लागत, एजेंसी/ठेकेदार, वर्तमान स्थिति और भुगतान संबंधी जानकारी नियमानुसार सार्वजनिक करने तथा सभी वार्डों में आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर समान रूप से विकास कार्य कराने की मांग।
सभी वार्डों का विस्तृत सर्वे कर सड़क, नाली, पानी, सफाई, बिजली, स्ट्रीट लाइट, जलभराव सहित अन्य जनसमस्याओं की वार्डवार सूची तैयार करने और प्रत्येक समस्या के समाधान की समयसीमा तय कर जनता को इसकी जानकारी देने की मांग की गई है।
मांग-पत्र में नगर पालिका परिषद दीपका से इन 12 मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने और प्रत्येक समस्या के निराकरण के लिए स्पष्ट समयसीमा निर्धारित कर लिखित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पत्र में यह भी कहा गया है कि निर्धारित समयसीमा में समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर नगरवासी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होंगे।
दस्तावेज के अनुसार धरना प्रदर्शन एवं घेराव 8 अक्टूबर 2026 को नगर पालिका परिषद दीपका कार्यालय के सामने प्रस्तावित है। पत्र की प्रतिलिपि प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।


