दीपका खदान में वॉल्वो ने ली मजदूर की जान, कलिंगा कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
काम के दौरान फील्ड में खड़े आनंद सिंह को कंपनी की वॉल्वो ने कुचला, दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त; इलाज के दौरान तड़के मौत
दीपका। SECL दीपका परियोजना में नियोजित कलिंगा कंपनी में काम करने वाले एक श्रमिक की खदान क्षेत्र में वॉल्वो वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद सिंह, मूल निवासी जशपुर और वर्तमान निवासी हरदीबाजार, के रूप में बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि घटना बीती रात काम के दौरान हुई। आनंद सिंह खदान के फील्ड क्षेत्र में खड़ा था, इसी दौरान कंपनी की वॉल्वो की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल आनंद सिंह को तत्काल उपचार के लिए न्यू कोरबा हॉस्पिटल ले जाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते आज तड़के उसकी मौत हो गई।
आखिर खदान में श्रमिक की सुरक्षा कौन सुनिश्चित करेगा?
इस हादसे ने एक बार फिर SECL की खदानों में काम कर रही निजी कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब खदान के फील्ड में भारी-भरकम वॉल्वो और दूसरे हैवी अर्थ-मूविंग वाहन लगातार आवाजाही करते हैं, तो वहां काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा के लिए निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किस स्तर पर किया जा रहा था?
क्या फील्ड में वाहन और श्रमिकों की आवाजाही के लिए पर्याप्त सेफ्टी जोन बनाया गया था?क्या वॉल्वो चालक को फील्ड में मौजूद श्रमिक की जानकारी थी?क्या मौके पर आवश्यक सुरक्षा कर्मी और निगरानी व्यवस्था मौजूद थी?और सबसे अहम सवाल—अगर सुरक्षा व्यवस्था इतनी मजबूत थी तो आनंद सिंह आखिर वॉल्वो की चपेट में कैसे आया?
हादसे के बाद अब निगाहें कलिंगा कंपनी और SECL प्रबंधन पर हैं। श्रमिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल कागजों में दर्ज सुरक्षा नियमों तक सीमित है या वास्तव में खदान के फील्ड में भी उनका पालन हो रहा है—इस हादसे ने इस सवाल को फिर सामने ला दिया है।
अब देखना होगा कि मामले में SECL प्रबंधन और संबंधित सुरक्षा विभाग की ओर से क्या जांच की जाती है और हादसे की जिम्मेदारी किसकी तय होती है।
आनंद सिंह की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं सवाल यह भी है कि एक श्रमिक की जान जाने के बाद क्या केवल जांच और कागजी कार्रवाई होगी, या सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक जवाबदेही भी तय की जाएगी?
खदानों में उत्पादन जरूरी है, लेकिन उत्पादन से पहले मजदूर की जिंदगी की सुरक्षा जरूरी है। आनंद सिंह की मौत के बाद यही सवाल सबसे बड़ा है।

